राजस्थान

बजट 2026–27 मील का पत्थर साबित होगा:– गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । गृह राज्यमंत्री राजस्थान सरकार श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि 11 फरवरी को प्रस्तुत राजस्थान सरकार का बजट 2026–27 प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में चौमुखी विकास हो रहा है, जिसकी स्पष्ट झलक इस बजट में दिखाई देती है। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि राजस्थान का प्रत्येक व्यक्ति आर्थिक दृष्टि से सशक्त बने। बजट में युवाओं को रोजगार, महिला समृद्धि और प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं।उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, कृषि उपकरण सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने तथा कस्टम हायरिंग सेंटर खोलने का प्रावधान किया गया है। ट्रैक्टर, कल्टीवेटर और बुआई मशीन जैसे उपकरण किराये पर उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे 6000 रुपए के अतिरिक्त राज्य सरकार 3000 रुपए दे रही है, जिसे आगामी पांच वर्षों में बढ़ाकर 12,000 रुपए तक ले जाने का लक्ष्य है। किसानों को बिना ब्याज ऋण तथा ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत ऋण सीमा बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये करने का भी प्रावधान किया गया है। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एसएमएस अस्पताल, जेके लोन अस्पताल तथा ट्रोमा सेंटरों में नए उपकरण और आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि समय पर बेहतर उपचार मिल सके। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए पुलिस थाने और चौकियां स्थापित की जा रही हैं। आधुनिक तकनीक के माध्यम से जांच प्रक्रिया को सुदृढ़ कर अपराधियों को शीघ्र सलाखों के पीछे पहुंचाने के प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को वर्ष 2027 तक दिन में बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा के तहत 22 जिलों में दिन में बिजली दी जा रही है। शेष जिलों में ट्रांसमिशन सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए 400 केवी, 220 केवी, 132 केवी और 33 केवी के नए जीएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। सोलर पार्कों की स्थापना से ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिल रही है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार अध्ययन व्यवस्था, स्कूलों में स्किल डेवलपमेंट कोर्स, नए विद्यालयों की स्थापना और दूरस्थ विद्यार्थियों के लिए वाउचर योजना का प्रावधान किया गया है। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, श्रमिकों और बेरोजगारों के कल्याण के लिए विशेष योजनाएं लाई गई हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय सिद्धांत के अनुरूप अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के सवा दो वर्ष के कार्यकाल में जितनी सड़कें बनी हैं, उतनी पूर्ववर्ती सरकार पांच वर्षों में भी नहीं बना पाई। बजट घोषणाओं में से 72 प्रतिशत से अधिक को पूरा किया जा चुका है, शेष प्रक्रियाधीन हैं। डेयरी क्षेत्र, रोडवेज और बिजली कंपनियों में घाटे को कम कर लाभ की स्थिति में लाने का भी उल्लेख किया गया। गृह राज्यमंत्री मंत्री ने कहा कि यह बजट युवा, महिला, किसान, व्यापारी और बेरोजगार सभी वर्गों को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *