राजस्थान

विकसित राजस्थान 2047 की नींव रखता बजट:– विधायक बालमुकुंद आचार्य

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । 11 फरवरी को विधानसभा में प्रस्तुत राजस्थान सरकार के बजट 2026–27 को ऐतिहासिक बताते हुए विधायक श्री बालमुकुंद आचार्य ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद भी कई क्षेत्रों में सड़क, नालियों और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा। हर घर तक पानी पहुंचाने के केंद्र सरकार के संकल्प को भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पूर्ण रूप से लागू नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई क्षेत्रों सहित विशेषकर जोधपुर में भी अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया। जहां से माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी आते है। श्री आचार्य ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट केवल दो-तीन वर्षों का नहीं, बल्कि आने वाले दशकों की मजबूत नींव रखने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, परीक्षाओं में पारदर्शिता, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, देशी-विदेशी उद्योगों को प्रोत्साहन तथा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए भी विशेष योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे। विधायक श्री आचार्य ने कहा कि मेरी विधानसभा क्षेत्र में भी बजट में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, नई सीवरेज लाइनों,मेट्रो स्टेशन की सुविधाओं और पर्यटन विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गोविंद देव जी मंदिर सहित क्षेत्र के प्राचीन स्थलों के आसपास पार्किंग, आवागमन और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही नाहरगढ़ किला, जयगढ़ किला और आमेर किला जैसे पर्यटन स्थलों के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम को विशेष पैकेज देकर शहर की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा। “डबल इंजन” सरकार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है। श्री आचार्य ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार “गुजरात मॉडल” की चर्चा होती है, उसी तरह अब “राजस्थान मॉडल” भी देश-दुनिया में पहचान बनाएगा। छोटे गांवों और तहसीलों में उद्योगों का विस्तार कर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लोगों को महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़े। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री और बजट निर्माण से जुड़ी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह बजट राजस्थान को सुदृढ़ और समृद्ध बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *