चंडीगढ

*महाशिवरात्रि पर मांस विक्रेताओं की दुकानें बंद रखने की मांग, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन*

मनोज शर्मा, चंडीगढ़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गऊ रक्षा विभाग, चंडीगढ़ महानगर ने नगर निगम प्रशासन से शहर में मांस विक्रेताओं की दुकानों को बंद रखने की मांग की है। इस संबंध में महापौर को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि महाशिवरात्रि हिंदू समाज का अत्यंत पवित्र एवं श्रद्धा का पर्व है, जिसे पूरे देश सहित चंडीगढ़ में आस्था और धार्मिक भाव के साथ मनाया जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। संगठन का कहना है कि ऐसे पावन अवसर पर शहर में मांस की बिक्री जारी रहने से धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका बनी रहती है।
विहिप गऊ रक्षा विभाग ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि पूर्व में भी विभिन्न धार्मिक पर्वों के अवसर पर जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निर्णय लिए जाते रहे हैं। संगठन ने मांग की है कि महाशिवरात्रि के दिन चंडीगढ़ में सभी मांस विक्रेताओं की दुकानें पूर्णतः बंद रखने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं, ताकि पर्व की पवित्रता बनी रहे और सामाजिक सौहार्द के साथ कानून-व्यवस्था भी सुदृढ़ बनी रहे।
संगठन ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।
इस अवसर पर गौरक्षा विभाग से जितेंद्र सनातनी (गौ रक्षा प्रमुख), संदीप शर्मा (सह प्रमुख), ईश्वर राणा, सूरज सिसोदिया, मोहित कालरा और गौरव कुमार उपस्थित रहे। वहीं चंडीगढ़ मीट एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष अतुल सोनकर और उपाध्यक्ष दीपक कुमार भी मौजूद थे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *