Uncategorized

गांव खुड्डा कलां में जी.एम.एन. कॉलेज, अम्बाला कैंट की एन.एस.एस. इकाई द्वारा ग्रामीणों को किया डिजिटल फ्रॉड के प्रति जागरूक।।

अम्बाला:अशोक शर्मा।
जी.एम.एन. कॉलेज, अंबाला छावनी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा गांव खुड्डा कलां में आयोजित विशेष शिविर में आज के दिन की गतिविधियाँ डिजिटल जागरूकता थीम पर केंद्रित रहीं। आज की थीम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों को डिजिटल सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः कालीन प्रार्थना, योगाभ्यास और एन.एस.एस. प्रार्थना के साथ हुई। स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश दिया। इसके पश्चात “सुरक्षित इंटरनेट उपयोग” विषय पर सुश्री भारती शर्मा ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, मजबूत पासवर्ड के प्रयोग, ओटीपी की गोपनीयता बनाए रखने और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग करने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। यह सत्र सभी उपस्थित लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
साथ ही एन.एस.एस. स्वयंसेवकों द्वारा फ्रॉड अलर्ट और डिजिटल बैंकिंग जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों के डिजिटल ज्ञान का मूल्यांकन किया गया। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एन.एस.एस. के माध्यम से आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और जागरूक नागरिक बनने की भावना को मजबूत करते हैं। डिजिटल युग में सुरक्षित एवं जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार अपनाना समय की मांग है।
विशेष रूप से, स्वयंसेवकों ने गांव में जागरूकता रैली भी आयोजित की, जिसमें ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। रैली ने ग्रामीणों में साइबर सुरक्षा के प्रति चेतना और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा दिया।
इस अवसर पर एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पिंकी गुप्ता और डॉ. चंद्रपाल पुनिया ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि डिजिटल साक्षरता आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता है और युवा वर्ग समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक करें।

एन.एस.एस. शिविर का आज का दिन ज्ञानवर्धक गतिविधियों, सक्रिय सहभागिता, जागरूकता रैली और डिजिटल जागरूकता के सशक्त संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार को जन-जन तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया गया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *