नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भाजपा और आरएसएस द्वारा झूठे केस गढ़कर कांग्रेस की आवाज़ दबाने की कोशिश के विरोध में जयपुर में कांग्रेस पार्टी ने किया जोरदार प्रदर्शन
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भाजपा और आरएसएस द्वारा झूठे केस गढ़कर कांग्रेस की आवाज़ दबाने की कोशिश के विरोध में आज जयपुर में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने प्रदर्शन में शामिल होकर स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी। अभिषेक चौधरी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायपालिका ने सच का साथ दिया है और यह साबित हो गया है कि भाजपा-आरएसएस द्वारा रची गई साज़िश पूरी तरह झूठ पर आधारित थी। उन्होंने कहा कि जिस तरह इस मामले में सच्चाई की जीत हुई है, उसी तरह भाजपा सरकार के हर झूठ और षड्यंत्र का पर्दाफाश होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब केंद्र की भाजपा सरकार मनरेगा (MGNREGA) जैसी जनकल्याणकारी योजना को समाप्त करने की साज़िश कर रही है, जो गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत पर सीधा हमला है। यह सरकार जनता के अधिकार छीनने का काम कर रही है। अभिषेक चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मोदी और शाह को ऐसी राजनीति से बाज आना चाहिए और सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग तुरंत बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सड़क से सदन तक संघर्ष करता रहेगा।





