चंडीगढ

*एमसीएम में काव्य संग्रह ‘डॉ विनोद कुमार शर्मा की चर्चित कविताएं’ का हुआ विमोचन*

मनोज शर्मा,चंडीगढ़। सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ विनोद कुमार शर्मा का नवीनतम काव्य संग्रह ‘डॉ विनोद कुमार शर्मा की चर्चित कविताएं’ का विमोचन सेक्टर 36 स्थित एमसीएम डी ए वी कॉलेज फॉर वूमेन में कार्यवाहक प्रिंसिपल नीना शर्मा ने अपने कार्यालय में प्रभावशाली ढंग से किया। इस पुस्तक का संपादन वरिष्ठ साहित्यकार संपादक प्रेम विज ने किया है। इस अवसर पर काव्य संग्रह के लेखक डॉ विनोद कुमार शर्मा, संपादक प्रेम विज, अमेरिका से पधारी डॉ. सरिता मेहता, राज विज, समाजसेवी के के शारदा, संगीतकार सोमेश गुप्ता, सरबजीत कौर, शिक्षाविद अंजू मोदगिल, आशीष मोदगिल और डॉ. अंजू लता उपस्थित थे।
श्रीमती नीना शर्मा ने डॉ विनोद कुमार शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस पुस्तक में अधिकांश कविताएं हिंदी पाठकों को पढ़ने को मिलेंगी। संपादक प्रेम विज ने यह एक महत्वपूर्ण कार्य किया है। संपादक प्रेम विज ने बताया कि डॉ विनोद शर्मा के 28 काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। लेकिन इसमें आधे काव्य संग्रह ही लिए जा सके हैं। शोध करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पुस्तक बहुत सहायक सिद्ध होगी। कविताओं की भाषा सहज, प्रवाहमयी और संवेदनात्मक है। विनोद जी ने भावों को व्यक्त करने के लिए अत्यंत आत्मीय व सरल भाषा का प्रयोग किया है। डॉ विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि काव्य उनकी प्रमुख विधा है। इससे पूर्व लिखे गए सभी काव्य संग्रहों को साहित्य जगत प्रेमियों द्वारा खूब सराहा गया है। पाठकों की शुभकामनाओं से कलम निर्बाध रूप से चल रही है। रचनाओं की प्रस्तुति राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय मंचों एवं रेडियो और टीवी चैनलों पर भी निरंतर होती रहती है। सभी रचनाएं नवीन विचारों से ओत- प्रोत है। के के शारदा ने कहा कि कहीं- कहीं अन्य भाषाओं के शब्द और मुहावरों का प्रयोग कविताओं को और भी जीवंत बना देते हैं। शैली की दृष्टि से संग्रह में विविधता है। डॉ सरिता मेहता ने कहा कि प्रतीकों और बिम्बों के माध्यम से भावों को मार्मिक ढंग से उकेरा गया है। जिससे पाठक कविता से जुड़ाव महसूस करता है। यह पुस्तक राज विज द्वारा समाज को दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें समर्पित की गई है।

 

https://www.youtube.com/LokhitExpress

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *