छत्तीसगढ़-ओडिशा के पत्रकारों का भव्य दीपावली मिलन समारोह, संगठन की एकता और मजबूती पर दिया जोर वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा—पत्रकार समाज का आईना हैं, सच्चाई, निष्पक्षता और निर्भीकता ही पत्रकारिता की असली पहचान
November 17th, 2026 | Post by :- | 20 Views

✍️ लोकहित एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद _दीपावली के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के सीमावर्ती जिलों के पत्रकारों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता के सूत्र में बांधने के उद्देश्य से भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया इस विशेष आयोजन में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद तथा ओडिशा के नबरंगपुर, नुआपाड़ा एवं कालाहांडी जिले के पत्रकार, संपादक और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, संवाद, सहयोग और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करना रहा समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, समाचारों की विश्वसनीयता, पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों तथा ग्रामीण एवं आंचलिक पत्रकारों की समस्याओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है पत्रकार समाज का आईना होता है, जो आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का कार्य करता है पत्रकारों के बीच आपसी एकता, सहयोग और संगठन की मजबूती वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है वरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तम पात्र ने खबरों की शुद्धता और सोशल मीडिया की चुनौतियों पर किया आगाह गरियाबंद जिले के वरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तम पात्र ने अपने उद्बोधन में पत्रकारिता की जिम्मेदारियों और बदलते मीडिया परिवेश पर महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने कहा कि जब कोई पत्रकार खबर तैयार करता है, तो उसके प्रत्येक शब्द का विशेष महत्व होता है। खबर में एक शब्द की भी त्रुटि या तथ्यों में थोड़ी-सी चूक पत्रकार के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए पत्रकारिता में तथ्यों की पुष्टि, शब्दों की मर्यादा और खबरों की शुद्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना प्रत्येक पत्रकार का नैतिक दायित्व है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने कहा कि पहले समाचारों को जनता तक पहुंचाने के लिए अखबार, रेडियो और टेलीविजन प्रमुख माध्यम हुआ करते थे, लेकिन आज सोशल मीडिया के माध्यम से खबरें कुछ ही क्षणों में हजारों-लाखों लोगों तक पहुंच जाती हैं। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। हम सता से सवाल करते हैं, जनता से संवाद करते हैं और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाते हैं। इसलिए पत्रकारों को निर्भीकता, निष्पक्षता और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन नेताम ने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के पत्रकारों द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह की सराहना की उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल मिलन समारोह तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच आपसी संबंध स्थापित होते हैं, विचारों का आदान-प्रदान होता है और संगठन को नई मजबूती मिलती है उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच वर्षों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध हैं। दोनों राज्य रोटी-बेटी के संबंधों से भी जुड़े हुए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के खान-पान, रहन-सहन, भाषा, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों में गहरी समानता देखने को मिलती है। ऐसे में दोनों राज्यों के पत्रकारों का एक मंच पर आना इन संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों के बीच आपसी मेलजोल और संवाद लगातार बढ़ना चाहिए। जब पत्रकार एक-दूसरे के साथ जुड़ेंगे, तो संगठन मजबूत होगा और पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों को भी बेहतर तरीके से सामने रखा जा सकेगा। ऐसे आयोजन आपसी विश्वास, भाईचारे और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार रमेश सोनी ने भी अपने उद्बोधन में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, सामाजिक जिम्मेदारी और संगठन की एकजुटता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जवाबदेही का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। एक पत्रकार की असली पहचान उसकी निष्पक्षता, ईमानदारी और सच्चाई के प्रति प्रतिबद्धता से होती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। सोशल मीडिया के विस्तार के कारण समाचारों का प्रसार तेजी से हो रहा है। ऐसे समय में पत्रकारों को खबरों की सत्यता और विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी भी समाचार को प्रसारित करना उचित नहीं है उन्होंने आगे कहा कि पत्रकार चाहे किसी भी क्षेत्र, जिले या राज्य से जुड़ा हो, लेकिन पत्रकारिता का उद्देश्य एक ही होना चाहिए समाज की समस्याओं को सामने लाना और जरूरतमंदों की आवाज बनना पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग, सम्मान और एकजुटता बनी रहेगी, तभी संगठन मजबूत होगा। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से आपसी मतभेदों को भुलाकर पत्रकारिता के सम्मान, अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

चार जिलों के पत्रकारों ने एक मंच पर आकर दिया एकता और भाईचारे का संदेश

दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के पत्रकारों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के दौरान अंतरराज्यीय पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने तथा ग्रामीण और आंचलिक पत्रकारों के हितों एवं समस्याओं पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने पर जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों के बीच छोटे-मोटे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पत्रकारिता के सम्मान, अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए सभी को एकजुट रहना चाहिए। पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

आयोजन समिति की इस पहल को दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। सम्मेलन का मुख्य संदेश यही रहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। खबरों की सच्चाई, शब्दों की मर्यादा, निष्पक्षता, निर्भीकता और आपसी एकता ही पत्रकारिता की असली पहचान है।

एकता में शक्ति है और मजबूत संगठन ही पत्रकारों की आवाज को बुलंद कर सकता है। छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के पत्रकारों का यह दीपावली मिलन समारोह आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और संगठनात्मक एकजुटता की एक सुंदर मिसाल बनकर सामने आया।

पत्रकार महासम्मेलन में शामिल हुए गरियाबंद जिले के वरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तम पात्र संजय दुबे जय विलास शर्मा मनमोहन नेताम रमेश सोनी राजीव लोचन पंडा राधे पटेल सैयद बरकत अली विक्रम कुमार नागेश केसरी साहू ठाकुर राम ध्रुव ओम प्रकाश यादव ऊजल सिन्हा मकर ध्वज प्रधान कृष्ण कांत त्रिपाठी गजानन कश्यप देवी चरण ठाकुर राजेश जगत गिरीश जगत टेलू राम कश्यप सुनील नेताम एवं उड़ीसा के पत्रकारों जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।