गरियाबंद में जलाराम बापा की 227वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह से मनी, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद में उमड़े श्रद्धालु,गुजराती समाज ने धूमधाम से किया आयोजन,
November 16th, 2026 | Post by :- | 23 Views

✍️ लोकहित एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद _संत शिरोमणि जलाराम बापा की 227वीं जयंती सोमवार, 16 नवंबर को गरियाबंद में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई जयंती के अवसर पर गुजराती समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला गांधी मैदान स्थित हरीश भाई ठक्कर के निज निवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में गुजराती समाज के साथ शहर के विभिन्न समाजों के श्रद्धालुओं ने शामिल होकर जलाराम बापा के तैलचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ इसके बाद अभिषेक, पूजन, दीपदान और महाभोग सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए महाआरती के पश्चात महिलाओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से जलाराम बापा का गुणगान किया वहीं भजन के आयोजन में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर रोमा सरवैय्या ने संत जलाराम बापा के जीवन, उनके आदर्शों और मानव सेवा के प्रति समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला उन्होंने कहा कि जलाराम बापा के जीवन का मूलमंत्र था कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है उनका मानना था कि जरूरतमंद और पीड़ित मानवता की सेवा करना ही ईश्वर की सच्ची सेवा है उन्होंने बताया कि जलाराम बापा ने अपने जीवन में अन्नदान को सर्वोच्च महत्व दिया और सदाव्रत नामक भोजनशाला की स्थापना की, जहां साधु-संतों, राहगीरों और जरूरतमंदों को 24 घंटे निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन प्रभु भक्ति और मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

रोमा सरवैय्या ने बताया कि संत जलाराम बापा का जन्म संवत 1856 में कार्तिक शुक्ल सप्तमी को गुजरात के राजकोट के समीप वीरपुर गांव में हुआ था उनके पिता प्रधान ठक्कर और माता राजबाई धार्मिक प्रवृत्ति के थे बचपन से मिले संस्कारों ने उनके जीवन को प्रभु भक्ति और मानव सेवा की दिशा दी गुरु भोजलराम के आशीर्वाद से उन्होंने सदाव्रत की शुरुआत की कठिन परीक्षाओं और विपरीत परिस्थितियों में भी उनकी आस्था, धैर्य और सेवा भावना अडिग रही यही कारण है कि वे जन-जन की श्रद्धा के केंद्र बने

हरीश भाई ठक्कर ने बताया कि उनके निज निवास पर वर्षों से संत जलाराम बापा की जयंती पर नियमित रूप से पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण की परंपरा निभाई जा रही है समय के साथ यह आयोजन वृहद स्वरूप ले चुका है। यहां श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना, स्वल्पाहार और दोपहर में भोजन प्रसाद की व्यवस्था की जाती है इस आयोजन में गुजराती समाज के अलावा शहर के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि जलाराम बापा की शिक्षाएं आज भी समाज को सेवा, सद्भावना और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

गुजराती समाज के अध्यक्ष अमित बखारिया ने कहा कि संत शिरोमणि जलाराम बापा ने अपना पूरा जीवन मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में लगा दिया उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। जयंती के अवसर पर समाजजनों ने पीड़ित मानवता की सेवा करने, आपसी सद्भावना बनाए रखने तथा समाज में रचनात्मक और सृजनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

महाप्रसाद में उमड़े श्रद्धालु

पूजन और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया खिचड़ी, कढ़ी, नुक्ती और गठिया सहित विभिन्न प्रसादी व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी दोपहर में भोजन प्रसाद ग्रहण करने के लिए शहर के अलग-अलग वर्गों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की झलक भी देखने को मिली।

इस अवसर पर घनश्याम भाई, भारत भाई, भीखू भाई हरीश भाई, मोहन भाई संजय भाई, नितिन भाई, हसमुख भाई, अरविंद भाई सहित गुजराती समाज के अनेक महिला-पुरुष उपस्थित रहे सभी ने आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई और संत जलाराम बापा के बताए सेवा, समर्पण और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।