✍️ लोकहित एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद छत्तीसगढ़
गरियाबंद _ धुर्वागुड़ी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ होते ही ग्रामीण अंचलों के उपार्जन केंद्रों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला इसी क्रम में भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य टेलू राम कश्यप ने खोखमा (धुर्वागुड़ी) एवं फरसरा धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से आत्मीय मुलाकात कर उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा धान विक्रय के लिए शुभकामनाएं दीं।
कश्यप ने केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी की प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, टोकन प्रणाली, बारदाना उपलब्धता, पेयजल और किसानों के बैठने सहित आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित समिति पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि खरीदी प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी होनी चाहिए, ताकि अन्नदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
धुर्वागुड़ी केंद्र में 60 क्विंटल धान की पहली खरीदी
खोखमा (धुर्वागुड़ी) धान उपार्जन केंद्र में जनपद पंचायत सदस्य एवं सहकारिता समिति अध्यक्ष अभिराम ध्रुव तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किसान महंगू राम नागेश के धान की तौल कराकर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया किसान महंगू राम नागेश ने 60 क्विंटल धान का विक्रय किया।
इस अवसर पर टेलू राम कश्यप ने किसान का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनसे उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली उन्होंने केंद्र प्रबंधक सोहनलाल साहू से कहा कि किसानों को टोकन के अनुसार समयबद्ध सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा तौल एवं खरीदी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
इस दौरान ग्राम झाखर नाभोराम नागेश, ग्राम पंचायत खोखमा की सरपंच प्रेमशीला नेताम, कांदाडोंगर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष तिरेश कुमार प्रधान, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नकूल यादव, रुपचंद नेताम, गया राम मांझी, मुरलीधर निधि, समिति प्रबंधक सोहनलाल साहू सहित कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
फरसरा केंद्र में पुर्नी बाई ने बेचा 42 क्विंटल 80 किलोग्राम धान
इसके बाद कश्यप फरसरा धान उपार्जन केंद्र पहुंचे यहां उन्होंने खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया इस केंद्र में किसान पुर्नी बाई ने 42 क्विंटल 80 किलोग्राम धान का विक्रय किया टेलू राम कश्यप एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और धान विक्रय के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर सहकारिता समिति अध्यक्ष अभिराम ध्रुव, ग्राम पंचायत फरसरा के सरपंच बसंत कुमार मरकाम, ग्राम पुजारी शेखर मरकाम, खेल सिंह यादव, रुसूराम बीसी, केंद्र प्रबंधक सोहनलाल साहू, समिति कर्मचारी, हमाल एवं कृषकगण उपस्थित रहे।
कश्यप ने धान की तौल, बारदाना, किसानों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित कर्मचारियों से कहा कि खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता नहीं होनी चाहिए। किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता टेलू राम कश्यप
इस अवसर पर टेलू राम कश्यप ने कहा कि धान खरीदी केवल कृषि उपज के विक्रय की प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों किसानों की मेहनत, आजीविका और आर्थिक समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है ऐसे में उपार्जन केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी संवेदनशीलता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुविधाजनक ढंग से धान विक्रय का अवसर मिलना चाहिए खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों और किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
जिले के 97 उपार्जन केंद्रों में 91,644 किसानों का पंजीयन
प्राप्त जिला स्तरीय आंकड़ों के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में गरियाबंद जिले के 97 धान उपार्जन केंद्रों में कुल 91,644 किसानों का पंजीयन किया गया है पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 1,07,782 हेक्टेयर है इस वर्ष जिले में सात नए धान उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं।
खरीदी के पहले दिन जिले के 95 उपार्जन केंद्रों के लिए 239 टोकन जारी किए गए, जिनके माध्यम से 794.42 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित रही।
कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
राज्य शासन के निर्णय के अनुसार किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता से राहत दी गई है अब यदि किसी किसान की उपज कम होती है और वह 14 या 15 क्विंटल धान ही बेच पाता है, तब भी पात्रता एवं निर्धारित नियमों के अधीन उसे 21 क्विंटल के मानक के आधार पर 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता का लाभ मिलेगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इससे किसानों पर पूरी आदान सहायता प्राप्त करने के लिए निर्धारित अधिकतम मात्रा में धान बेचने का दबाव नहीं रहेगा और वे अपनी घरेलू आवश्यकताओं के लिए भी धान सुरक्षित रख सकेंगे। समर्थन मूल्य एवं आदान सहायता को मिलाकर किसानों को धान का कुल लाभ 3100 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर मिलेगा।
कश्यप ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन एवं प्रक्रिया के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें और धान विक्रय के दौरान शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
धान खरीदी के शुभारंभ पर दोनों केंद्रों में किसानों का सम्मान और व्यवस्थाओं का निरीक्षण इस बात का संदेश देता है कि खरीदी प्रक्रिया का केंद्रबिंदु किसान होना चाहिए पारदर्शिता, समयबद्धता और सम्मानजनक व्यवहार से ही शासन की किसान हितैषी योजनाओं का वास्तविक लाभ अन्नदाताओं तक पहुंच सकेगा।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

