चिकित्सा, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में समाज को मिलेगी नई दिशा) जयपुर में प्रथम अंतरराष्ट्रीय मेडिकल प्रोफेशनल्स सम्मेलन सम्पन्न
November 16th, 2026 | Post by :- | 17 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित गुलाबगढ़ रिजॉर्ट में 15 नवंबर को ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एंड प्रोफेशनल्स ग्रुप के तत्वावधान में प्रथम अंतरराष्ट्रीय मेडिकल प्रोफेशनल्स कम्युनिटी कनेक्ट मीट-2026 का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। खटीक समाज के इतिहास में पहली बार चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, अधिकारियों और पेशेवरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मंच पर लाने की इस पहल को समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने समाजबंधुओं के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता तथा चिकित्सा क्षेत्र में भविष्य बनाने वाले विद्यार्थियों और युवाओं के लिए उच्च शिक्षा, शोध एवं रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
*स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर करियर मार्गदर्शन तक बनी कार्ययोजना*
सम्मेलन में समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं एवं सुलभ परामर्श पहुंचाने, विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने तथा अनुभव साझा करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़ने के इच्छुक युवाओं को उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की कार्ययोजना पर सहमति बनी।
*युवाओं को जोड़ने और समाज को एक मंच पर लाने पर जोर*
वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति में युवाओं और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें समय पर सही मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। सम्मेलन में समाज के सभी संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और वैवाहिक सहयोग जैसे विषयों पर स्थायी व्यवस्था विकसित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए आपसी सहयोग और निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति बनी।
*चिकित्सा एवं प्रशासनिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद*
कार्यक्रम में आईएएस अजय असवाल, स्वास्थ्य विभाग राजस्थान सरकार के अतिरिक्त निदेशक डॉ. प्रवीण असवाल, संयुक्त निदेशक डॉ. सत्येंद्र बसवाल, एसएमएस अस्पताल के अस्थि रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. मुकेश असवाल, डॉ. मनोज महाना, डॉ. श्याम सुंदर दायमा, डॉ. शंकर सिंह सांवरिया, डॉ. आदित्य हर्षवर्धन सांवरिया, डॉ. राजेंद्र नागौरा, डॉ. महेंद्र चावला, डॉ. विनोद परेवरिया, डॉ. धर्मवीर सांवरिया, डॉ. राजा चावला, डॉ. मोतीलाल रावत और इंदौर से डॉ. ओपी टैगर सहित चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे। इसके अलावा सीनियर नर्सिंग ऑफिसर नीलम नावरिया, रेखा चावला (जे.के. लोन अस्पताल), राधेश्याम दायमा (एसएमएस अस्पताल), फतेह चंद बड़गूजर (एसटीए, ब्लड बैंक, एसएमएस अस्पताल), भगवती प्रसाद चावला (लैब टेक्नीशियन, जे.के. लोन अस्पताल), महिला चिकित्सालय की प्रतिनिधि, महेश दायमा (सहायक आयुक्त, वाणिज्यिक कर विभाग), मोहन सांभरिया (रेलवे अधिकारी), ग्वाल चंद परेवा (निदेशक, शार्प एक्स-रे सिस्टम), महेंद्र कक्कड़ (राजस्थान रोडवेज), समाजसेवी सुमित तंवर और ललित सोयल सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
*रमेश सांभरिया ने जताया आभार*
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार रमेश सांभरिया ने ‘Grow Together – Pay Back to Society’ अर्थात साथ बढ़ें और समाज को लौटाएं की भावना को आयोजन का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र के अनुभवी अधिकारियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर जोड़कर उनकी विशेषज्ञता एवं अनुभव का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
अंत में उन्होंने देश-विदेश से जुड़े चिकित्सा विशेषज्ञों, अधिकारियों, समाजबंधुओं, युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, शैक्षणिक उन्नति और आपसी सहयोग की मजबूत व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।