जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । दिल्ली रोड स्थित श्री बंगाली बाबा गणेश मंदिर में रविवार को विशाल अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान प्रथम पूज्य गणेश के जयकारों से मंदिर परिसर सहित आसपास का क्षेत्र गूंज उठा। महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की। जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्रद्धालु समूहों में पहुंचे। मंदिर प्रबंध समिति के संरक्षक रघुवीर शरण अग्रवाल, अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संयोजक संजय गोयल पतंगवाला एवम कोषाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के अवसर पर प्रथम पूज्य गणेश का विशेष श्रृंगार कर उन्हें विशेष पोशाक धारण कराई गई। इसके बाद गणेशजी और स्वयं आत्माराम जलेश्वर महादेव को अन्नकूट प्रसादी का भोग लगाया गया। प्रथम पूज्य के दरबार में लड्डुओं की आकर्षक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
भोग के बाद अन्नकूट प्रसादी वितरण शुरू हुआ। सबसे पहले विभिन्न मंदिरों के संत-महात्माओं के प्रसादी ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर समिति के महामंत्री गजेंद्र लूनीवाल और कोषाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। प्रसादी वितरण और आयोजन की व्यवस्थाओं में 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सेवाएं दीं। आयोजकों ने बताया कि अन्नकूट प्रसादी तैयार करने में 100 किलो चावल, 600 किलो मूंग, 600 किलो छोले, 600 किलो आटा और 500 किलो चीनी का उपयोग किया गया। इसके अलावा 40 टंकियां सब्जी और 40 टंकियां कढ़ी तैयार की गई। प्रसादी बनाने के लिए एक दर्जन से अधिक भट्टियां लगाई गईं, जिन पर डेढ़ सौ से अधिक कारीगरों ने भोजन तैयार किया। कार्यक्रम में जयपुर के राजनीतिक संगठनों, सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

