शाहपुरा रीको एरिया में फैक्ट्री चोरी का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
November 15th, 2026 | Post by :- | 22 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । शाहपुरा थाना पुलिस ने रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ग्रेनाइट फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल व वारदात में इस्तेमाल किया गया टैम्पो भी जब्त कर लिया है।
​जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (आईपीएस) ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को खोरी निवासी परिवादी गंगाराम कुमावत (57) ने शाहपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रीको एरिया स्थित उनकी ‘पूर्णिमा ग्रेनाइट फैक्ट्री’ से अज्ञात चोर मोटरें व अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शाहपुरा लाखन सिंह व वृत्ताधिकारी लक्ष्मीनारायण सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी रिया चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी मैपिंग, रूट ट्रेसिंग और तकनीकी सर्विलांस के जरिए जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि वारदात वाली रात फैक्ट्री के पास स्थित ढाणी का निवासी अजय कुमार मीणा संदिग्ध हालत में घूम रहा था और एक टैम्पो (RJ 14 GN 6295) फैक्ट्री की तरफ आता-जाता दिखा था। पुलिस ने संदिग्ध अजय कुमार मीणा और टैम्पो चालक विनोद कुमार बुनकर को जयपुर से डिटेन कर गहनता से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों—अजय कुमार मीणा (31) निवासी मीणों की ढाणी, बिशनपुरा और विनोद कुमार बुनकर (24) निवासी जाजैखुर्द (थाना शाहपुरा)— को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर फैक्ट्री से चुराई गई तीन मोटरें (5 व 3 एचपी की), एक गैस चूल्हा मय सिलेंडर, एक सीलिंग फैन तथा वारदात में प्रयुक्त अशोक लेलैंड दोस्त सीएनजी टैम्पो (RJ 14 GN 6295) जब्त किया गया है। पुलिस आरोपियों से क्षेत्र की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।