✍️ लोकहित एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद छत्तीसगढ़
गरियाबंद _भाषा बड़ी विचित्र चीज है। कभी-कभी एक ही जैसे सुनाई देने वाले शब्द जीवन के बिल्कुल अलग-अलग अर्थ खोल देते हैं। ‘घटना’, ‘घटाना’ और ‘घटा ना’—तीनों को जरा ध्यान से देखिए, तो लगता है जैसे पूरा जीवन ही इन तीन शब्दों के बीच घूम रहा है।
घटना — जो सोचा नहीं, वही हो गया!
आदमी जिसके बारे में कुछ जानता नहीं, कभी सोचा नहीं, जिसकी कल्पना तक नहीं की—अचानक वही काम हो जाए, तो लोग कहते हैं—“घटना घट गई।”
जीवन भी ऐसी ही घटनाओं की श्रृंखला है कभी सफलता अचानक दरवाजा खटखटा देती है, तो कभी संकट बिना बुलाए घर में प्रवेश कर जाता है मजेदार बात यह है कि जब अच्छी घटना घटती है तो हम कहते हैं—“मेरी मेहनत का परिणाम है और जब बुरी घटना घटती है तो कहते हैं मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है यहीं से जिंदगी हमें पहला पाठ पढ़ाती है घटना हमेशा हमारे हाथ में नहीं होती, लेकिन घटना के प्रति हमारा दृष्टिकोण हमारे हाथ में जरूर होता है घटना को रोका नहीं जा सकता, लेकिन घटना से टूटना या उससे सीखना—यह हमारे हाथ में है।
घटाना गणित की किताब से जिंदगी तक गणित में बड़े अंक में से छोटे अंक को कम करने की प्रक्रिया को घटाना कहते हैं।
लेकिन जिंदगी में लोग गणित से भी ज्यादा तेजी से घटाना जानते हैं किसी के पास बड़ी गाड़ी है—अपनी खुशी घट गई।
किसी का मकान बड़ा है अपना घर छोटा लगने लगा किसी को सम्मान मिला अपने सम्मान का मूल्य घट गया किसी की सफलता देखी अपनी उपलब्धियाँ छोटी लगने लगीं अर्थात दूसरे की जिंदगी को देखकर हम अपनी जिंदगी का हिसाब लगाने लगते हैं।
यह कैसा गणित है, जिसमें दूसरे का जोड़ हमारे जीवन का घटाव बन जाता है आज सोशल मीडिया ने इस बीमारी को और बढ़ा दिया है किसी की एक तस्वीर देखकर लगता है कि पूरी दुनिया खुश है और केवल हम ही परेशान हैं। किसी की सफलता की पोस्ट देखकर लगता है कि हम जीवन में कुछ कर ही नहीं पाए।
लेकिन सच यह है कि लोग सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी का ‘हाइलाइट’ दिखाते हैं, पूरी कहानी नहीं इसलिए दूसरों से तुलना करके अपने आत्मविश्वास को घटाना बंद कीजिए।
‘घटा ना’ — *घटना से पहले ही डर जाना*
अब आते हैं सबसे मजेदार शब्द पर—‘घटा ना।’
मनुष्य के मन में कितनी ही ऐसी घटनाएँ रोज घटती हैं, जो वास्तव में कभी घटती ही नहीं!
“पता नहीं आगे क्या होगा?”
“कहीं ऐसा न हो जाए?”
“अगर वैसा हो गया तो?”
“अगर मुझे सफलता नहीं मिली तो?”
घटना अभी हुई नहीं, लेकिन मन ने उसकी पूरी फिल्म पहले ही चला दी!
यही आशंका है।
कई बार वास्तविक समस्या जितना नुकसान नहीं करती, उससे ज्यादा नुकसान हमारी काल्पनिक चिंता कर देती है।
हम वर्तमान में बैठे होते हैं, लेकिन मन भविष्य की ऐसी घटना में घूम रहा होता है जो अभी अस्तित्व में ही नहीं है।
इसलिए कहा जा सकता है—
“जो घट गया, उसे अनुभव बनाइए;
जो घट रहा है, उसे समझिए;
और जो घटा नहीं, उसके डर में मत जिए।”
आज की दुनिया में तीनों शब्दों का नया अर्थ
आज का मनुष्य तीन जगह फँसा हुआ है—
घटना में— जो हो चुका, उसे बार-बार याद करता है।
घटाना में— दूसरों से तुलना करके अपने सुख को कम करता है।
‘घटा ना’ में— जो हुआ ही नहीं, उसकी चिंता करता है।
और इस बीच जो वास्तव में उसके पास है—वह वर्तमान—उसे जीना भूल जाता है।
बीता हुआ कल वापस नहीं आएगा।
आने वाला कल अभी आया नहीं है।
हमारे हाथ में केवल आज है।
तो क्यों न आज को ही थोड़ा बेहतर बनाया जाए?
जीवन का असली गणित
यदि कुछ घटाना ही है तो—
ईर्ष्या घटाइए,
अहंकार घटाइए,
क्रोध घटाइए,
चिंता घटाइए,
तुलना घटाइए।
और यदि कुछ बढ़ाना है तो—
प्रेम बढ़ाइए,
विश्वास बढ़ाइए,
संतोष बढ़ाइए,
संघर्ष की क्षमता बढ़ाइए,
मानवता बढ़ाइए।
तब जिंदगी का हिसाब अपने आप ठीक हो जाएगा।
क्योंकि जीवन का सबसे बड़ा गणित यह नहीं कि हमारे पास कितना है, बल्कि यह है कि जो मिला है, उसमें हम कितना खुश हैं और दूसरों के लिए कितना उपयोगी हैं।
अंत में बस इतना…
घटना जीवन का हिस्सा है।
घटाना जीवन का गणित है।
और ‘घटा ना’ मन की आशंका है।
घटना आए तो घबराइए नहीं।
घटाना पड़े तो बुराइयाँ घटाइए।
और ‘घटा ना’ की चिंता सताए तो स्वयं से कहिए—
**“जो होना है, वह समय पर होगा;
जो नहीं हुआ, उसके डर में आज क्यों रोना?”**
घटना को अनुभव बनाइए,
घटाने को सुधार बनाइए,
और ‘घटा ना’ को चिंता नहीं—चेतावनी मानिए।
यही जीवन का सरल, सुंदर और संतुलित गणित है।
डॉ. मुन्नालाल देवदास
राष्ट्रपति / राज्यपाल पुरस्कृत
सेवानिवृत्त प्रधान पाठक, नवाचारी शिक्षाविद, साहित्यकार
नगर पंचायत कोपरा, जिला गरियाबंद, छत्तीसगढ़
मो 99936 – 44766
email -munnalaldevdas1@gmail.com
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

