लौह पुरूष वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन भी किया।
October 31st, 2026 | Post by :- | 14 Views

अम्बाला:अशोक शर्मा।
लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम अम्बाला छावनी के नजदीक रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इससे पहले उनका यहां पहुंचने पर सीईओ जिला परिषद गगनदीप व एसडीएम कनिका गोयल ने पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया। उन्होंने इस अवसर पर लौह पुरूष वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन भी किया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि आज सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर अम्बाला छावनी के वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम के नजदीक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है वहीं उपमंडल स्तर पर भी रन फॉर यूनिटी व राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ समारोह का आयोजन किया गया है। सभी जगहों पर खिलाडियों, स्कूली बच्चों, सामाजिक संस्थाओं व अन्य लोगों ने शामिल होकर कार्यक्रम की भव्यता को बढ़ाने का काम किया है। लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिराने का काम किया है। उन्होने कहा कि देश की एकता व अखण्डता को बनाए रखने का जो संदेश लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने दिया था उस बारे युवा पीढ़ी के साथ-साथ अन्य को अवगत करवाना चाहिए। सरदार वल्लभ भाई पटेल एक त्याग पुरूष थे। उन्होंने कहा कि आज एकता यात्रा में सभी ने हिस्सा लेकर एकता का परिचय देते हुए देश को और मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने विभिन्न रियासतों को एक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने इस मौके पर उपस्थित सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए कहा कि मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वंय को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं।
मौके पर उपायुक्त ने रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखाकर रवाना भी किया। रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों में जोश व उत्साह था। छोटे बच्चों के साथ-साथ अन्य सभी ने इसमें शामिल होकर कार्यक्रम की भव्यता को बढ़ाने का काम किया। रन फॉर यूनिटी वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम अम्बाला छावनी से शुरू होकर सदर बाजार, विजय रतन चौक, फारूखा खालसा रोड़, रेलवे रोड़ से होते हुए वापिस वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम में आकर सम्पन्न हुई।
इस मौके पर सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम कनिका गोयल, आरटीए सुशील कुमार, जिला खेल अधिकारी राम स्वरूप, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. सतपाल, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार आशीष कुमार के साथ-साथ खेल विभाग से कोच, खिलाड़ी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।