​लो-फ्लोर बस में जेब तराशी करने वाली संगठित गैंग का पर्दाफाश,3 शातिर आरोपी गिरफ्तार
October 23rd, 2026 | Post by :- | 9 Views

​जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी की लालकोठी थाना पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन (लो-फ्लोर बसों) में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाली संगठित गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया 5G मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
​पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) श्रीमती रंजीता शर्मा ने बताया कि पीड़ित मनीष कुमार बैरवा (23),निवासी ढहरिया (नादौती,करौली) हाल निवासी सांगानेर ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित 1 अक्टूबर को शाम करीब 6 बजे सांगानेर से सिटी लो-फ्लोर बस में सवार होकर अजमेरी गेट की तरफ आ रहा था। बस से उतरते समय भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने उसकी जेब से 8GB/128GB क्षमता वाला ‘OnePlus Nord CE Lite’ 5G मोबाइल फोन पार कर दिया।
शहर में संगठित होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) पारस जैन एवं सहायक पुलिस आयुक्त (गांधी नगर) नारायण कुमार बाजिया के सुपरविजन में थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 अक्टूबर को 3 संदिग्धों को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा, एएसआई सूरजमल और कॉन्स्टेबल रामकेश (नंबर 4110) शामिल रहे। इस पूरी कार्रवाई और अपराधियों की धरपकड़ में कॉन्स्टेबल रामकेश की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से अन्य सम्भावित चोरियों और वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।