पुलिस अधीक्षक ने थाना शाहबाद का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा ।
अधिकारियों व कर्मचारियों को साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण सम्बन्धी दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
कुरुक्षेत्र 21 अक्टूबर ( सुरेश पाल ) । पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन ने बुधवार को थाना शाहबाद का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, रिकॉर्ड रूम, हवालात तथा अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने के साथ ड्यूटी रोस्टर, थाना स्तर पर की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ड्यूटी के प्रति लापरवाही अथवा कर्तव्य निर्वहन में ढिलाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पुलिस कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य दायित्व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाना है।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई, कार्यालयों की व्यवस्था तथा सरकारी रिकॉर्ड के रखरखाव का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए तथा सभी सरकारी दस्तावेज, शिकायत रजिस्टर, महत्वपूर्ण फाइलें और केस डायरी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित एवं अद्यतन रखी जाएं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड का सही रखरखाव और व्यवस्थित कार्यप्रणाली पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने थाना प्रभारी सहित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए अनुशासन, सतर्कता, टीम भावना और जनसेवा का भाव आवश्यक है। पुलिसकर्मी अपनी कार्यशैली को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाए रखें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा ड्यूटी में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। इस मौका पर डीएसपी शाहबाद सिद्धार्थ, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र सिंधु सहित थाना के कर्मचारी मौजूद रहे।
https://www.facebook.com/Lokhitexpress
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


