स्वस्थ जीवनशैली में चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने में स्वास्थ्य शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका : पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा
October 21st, 2026 | Post by :- | 14 Views
कुरुक्षेत्र 21 अक्टूबर ( सुरेश पाल )  ।      कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय वरिष्ठ नागरिक फोरम कुरुक्षेत्र द्वारा आयुष विश्वविद्यालय के सहयोग से सेक्टर-7 स्थित सामुदायिक केंद्र में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने के लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते है। शिविर का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों सहित क्षेत्र के आमजन को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इस पहल के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतना, समय-समय पर जांच करवाना तथा चिकित्सकों की सलाह का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य जांच से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य की स्थिति के प्रति जागरूक रह सकता है और आवश्यकतानुसार समय पर उचित कदम उठा सकता है।
फोरम की ओर से जानकारी दी गई कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर अब प्रत्येक बुधवार को प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सेक्टर-7 स्थित सामुदायिक केंद्र कुरुक्षेत्र में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। शिविर में डॉ. प्रीति व डॉ. दर्शन एमडी (काय चिकित्सा), लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देंगे। फोरम के पदाधिकारियों ने इस पहल को वरिष्ठ नागरिकों और आमजन के स्वास्थ्य की देखभाल की दिशा में एक उपयोगी कदम बताया।
फोरम के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य जांच शिविर को नियमित रूप से संचालित करने की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से शिविर का लाभ उठाने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर फोरम के प्रधान केके चौधरी, महासचिव प्रेम मदान, संरक्षक केआर अनेजा, डॉ. एसडी शर्मा, डॉ. हरि सिंह, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. प्रीति गहलावत तथा पृथ्वी सिंह चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।