जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर ईस्ट की जवाहर नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय हनुमान मीणा, निवासी चितौड़ी (थाना बस्सी, जयपुर) के रूप में हुई है।
100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व, श्रीमती रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर नगर इलाके में हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी को धर दबोचा।
जांच में सामने आया कि आरोपी हनुमान स्मैक व नशे के इंजेक्शन लेने का आदी है। वह पार्कों और मंदिरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की पहले रेकी करता था और मौका मिलते ही बाइक चुराकर फरार हो जाता था।
गत 12 सितंबर 2026 को जवाहर नगर सेक्टर 2 (अशोक वाटिका) के पास से धौलपुर निवासी देवीसिंह कुशवाह की काले रंग की मोटरसाइकिल (RJ-11 SK 6157) चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हनुमान मीणा के खिलाफ पहले से भी बस्सी और कानोता थानों में आबकारी अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सरला यादव, हेड कांस्टेबल रामकल्याण, कांस्टेबल श्रीराम, अशोक कुमार और धर्मपाल शामिल रहे। कांस्टेबल अशोक कुमार और धर्मपाल की इस मामले में विशेष भूमिका रही।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


