अशोक वाटिका में हनुमान-सीता भेंट, रावण-हनुमान संवाद और अंगद के लंका जाने का हुआ मंचन
October 18th, 2026 | Post by :- | 18 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। श्री महावीर ड्रामेटिक क्लब की ओर से आयोजित लीला का शुभारंभ बाल हनुमान जी की आरती के साथ हुआ। रामलीला में लंका दहन का रोमांचक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। अशोक वाटिका में माता सीता और हनुमान जी की भेंट के दृश्य ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद रावण-सीता संवाद तथा रावण और हनुमान जी के बीच हुए संवाद का प्रभावशाली मंचन हुआ। हनुमान जी ने अशोक वाटिका उजाड़कर लंका में हलचल मचा दी। इसके बाद अक्षय कुमार से युद्ध और मेघनाद के साथ हनुमान जी के युद्ध के प्रसंगों ने लीला को रोमांचक बना दिया। हनुमान जी द्वारा लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों में विशेष उत्साह पैदा किया। आगे की लीला में विभीषण द्वारा भगवान श्रीराम की शरण में जाने, रावण द्वारा कुंभकर्ण को जगाने तथा भगवान श्रीराम की ओर से अंगद को दूत बनाकर लंका भेजने के प्रसंगों का मंचन किया गया। अंगद के दूत बनकर लंका जाने के प्रसंग ने आगामी युद्ध की भूमिका तैयार की। रामलीला में रावण की भूमिका तिलक शर्मा, सीता की भूमिका रणवीर, सुग्रीव की भूमिका छगन व्यास, लक्ष्मण की भूमिका दिनेश शर्मा, अंगद की भूमिका तन्मय वधवा, अक्षय कुमार की भूमिका सतीश वधवा, हनुमान जी की भूमिका संजय जुनेजा, मेघनाद की भूमिका ओम जुनेजा तथा कुंभकर्ण की भूमिका गोपी बत्रा ने निभाई। कलाकारों ने अपने अभिनय से लीला के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत बनाया।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।