डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर सभी जिलों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश, प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दिखी पुलिस की मौजूदगी
October 14th, 2026 | Post by :- | 16 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । प्रदेश में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में विशेष रूट मार्च किया।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था श्री वी.के. सिंह ने राज्य के समस्त पुलिस अधीक्षकों को मंगलवार शाम 7 से 10 बजे तक के बीच अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रूट मार्च आयोजित करने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों की अनुपालना में प्रदेश के सभी जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने रूट मार्च किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं आमजन की आवाजाही वाले क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की गई।
रूट मार्च का उद्देश्य पुलिस की सक्रियता प्रदर्शित करने के साथ अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करना है।
एडीजी श्री सिंह ने बताया कि राजस्थान पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा सतर्कता और निगरानी के साथ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।