रामलीला में प्रभु श्रीराम का जन्म, जयकारों से गूंजा पंडाल
October 8th, 2026 | Post by :- | 18 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। श्री महावीर ड्रामेटिक क्लब, गजसिंहपुर द्वारा आयोजित रामलीला में बुधवार को प्रभु श्रीराम के जन्म की भव्य लीला का मंचन किया गया। राम जन्म के प्रसंग ने पूरे पंडाल को भक्तिमय कर दिया और दर्शकों की आंखें आनंद से भर आईं। रामलीला की आरती में मुख्य अतिथि के रूप में कमलजीत सिंह जी हुंदल, पूर्व पार्षद नगर पालिका और इंद्रजीत सिंह जी, वरिष्ठ अध्यापक उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने भगवान की आरती कर रामलीला के आयोजन की सफलता की कामना की। मंचन के दौरान महाराज दशरथ के राजमहल में प्रभु श्रीराम के जन्म की सूचना मिलते ही माहौल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का हर्षोल्लास से आनंद लिया। राम जन्म के बाद किन्नरों के महाराज दशरथ के पास पुत्र रत्न प्राप्त होने की बधाई लेने पहुंचने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। किन्नरों ने सुंदर नृत्य और गीत प्रस्तुत कर बधाई ली और खुशी-खुशी विदा हुए। इस लीला में महाराज दशरथ की भूमिका भगवान दास भाटी ने, वशिष्ठ मुनि की कृष्ण लाल मोंगा ने, श्रृंगी ऋषि की प्रताप सिंह बैंस ने, माता कौशल्या की अंकित ने, सुमित्रा की एकम ने और माता केकई की भूमिका अन्य कलाकार ने प्रभावशाली ढंग से निभाई। सभी कलाकारों का अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं रामलीला प्रेमी उपस्थित रहे। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में श्रीराम के जीवन से जुड़ी अन्य लीलाओं का मंचन किया जाएगा।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।