पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस ने बनाई प्रचार रणनीति,शीर्ष नेता संभालेंगे मोर्चा
October 8th, 2026 | Post by :- | 15 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजस्थान में आगामी पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पीसीसी वार रूम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की कैम्पेन कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और एआईसीसी राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने की।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, एआईसीसी सहप्रभारी चिरंजी राव, रित्विक मकवाना, पूनम पासवान तथा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कैम्पेन कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई और नेताओं से सुझाव लिए गए।
कांग्रेस ने निर्णय लिया कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता अपने प्रभार वाले जिलों के साथ-साथ जिला कांग्रेस कमेटियों के आग्रह पर अन्य क्षेत्रों में भी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। यहां वे जनसभाओं और अन्य प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जिला कांग्रेस कमेटियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर प्रचार कार्यक्रम तैयार करेगी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी, सहप्रभारी और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक भी हुई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि सभी जिलों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से अपनाई जानी चाहिए। इसके लिए जिला स्तर पर पॉलिटिकल अफेयर कमेटी में विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पंचायत राज संस्थाओं के पूर्व जनप्रतिनिधि तथा अग्रिम संगठनों और विभागों-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल किया जाए।
डोटासरा ने सभी पंचायत समितियों और जिला परिषदों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निकाय चुनावों के दौरान पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को इसका मजबूती से मुकाबला करना होगा।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यों, दलित एवं पिछड़ा वर्ग के लिए संचालित योजनाओं तथा महिलाओं और युवाओं के लिए किए गए कार्यों को जनता के बीच लेकर जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को भी पंचायत चुनावों में प्रमुखता से उठाएगी और भाजपा को कड़ी चुनौती देगी।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।