जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । मंगलवार को जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय पर पुलिस, यातायात, नगर निगम, पर्यटन विभाग और व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में बेहतर ‘टूरिस्ट-फ्रेंडली’ वातावरण तैयार करना और आमजन व पर्यटकों की आवाजाही को निर्बाध बनाना है।
*बैठक में ये अधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद*
बैठक में पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा (IPS), अति. पुलिस आयुक्त (प्रशासन व यातायात) प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नुनावत, अति. पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल, अति. पुलिस उपायुक्त (यातायात) हरिप्रसाद सोमान, नगर निगम सतर्कता उप पुलिस अधीक्षक अजय शर्मा, पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर उपेन्द्र सिंह, आमेर महल अधीक्षक तथा संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त व थानाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जयपुर व्यापार महासंघ के सुभाष गोयल, सुरेश सैनी, हरीश केडिया, सुरेन्द्र बज सहित परकोटा क्षेत्र एवं आसपास के व्यापार मंडलों के अध्यक्ष व वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
*यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए लिए गए प्रमुख निर्णय:
*वन-वे व्यवस्था और भारी वाहनों पर प्रतिबंध*
त्योहारों के दौरान बाजारों में ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए आवश्यकतानुसार ‘वन-वे’ (One-Way) व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही पीक आवर्स (व्यस्त समय) में भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजारों और भीतरी क्षेत्रों में भारी व मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
*अस्थायी एवं सैटेलाइट पार्किंग:
मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए आसपास के खाली स्थानों और मैदानों को चिन्हित कर अस्थायी/सैटेलाइट पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।
*अतिक्रमण पर चलेगा संयुक्त अभियान:
पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए सड़कों और फुटपाथों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने हेतु नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा निरंतर अभियान चलाया जाएगा। दुकानों के बाहर सामान फैलाने पर रोक के लिए व्यापार संघों के साथ सहमति बनी है।
*अवैध पार्किंग पर क्रेन व टॉविंग कार्रवाई:
मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए नियमित रूप से टॉविंग (Towing) वाहनों और क्रेन की तैनाती की जाएगी।
*ई-रिक्शा/ऑटो के रूट और पिक-अप points तय:
बाजारों में जाम रोकने के लिए ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए विशेष ज़ोन व निश्चित रूट तय किए जाएंगे। बीच सड़क पर वाहन रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने पर पूरी तरह रोक रहेगी; इसके लिए प्रवेश व निकास द्वार पर विशिष्ट ‘ड्रॉप-ऑफ और पिक-अप पॉइंट्स’ चिन्हित किए जाएंगे।
* सीसीटीवी और अतिरिक्त होमगार्ड:
व्यापारियों के सुझाव पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बाजारों में अतिरिक्त होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाई जाएगी।
पुलिस प्रशासन का संदेश:
“आगामी त्योहारों और टूरिस्ट सीजन को देखते हुए व्यापारियों और विभिन्न विभागों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की गई है। प्राप्त व्यावहारिक सुझावों पर शीघ्र निर्णय लेकर जनहित में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।”
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


