महिला ने युवक पर छेड़छाड़, मारपीट व धमकी देने के लगाए आरोप, गजसिंहपुर थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग
October 6th, 2026 | Post by :- | 17 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। गजसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव अराईयांवाली बरानी में एक महिला ने युवक पर रास्ता रोककर अभद्रता, मारपीट, कपड़े फाड़ने, छेड़छाड़ तथा कथित रूप से दुष्कर्म का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने थाना गजसिंहपुर में लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार महिला 4 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे गाँव 25 एफएफ के नजदीक खेत में घास लेने जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने मजदूरों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया और चोरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ जबरन मारपीट की गई तथा उसके कपड़े फाड़ दिए गए। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रही महिलाएं मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। महिला ने घटना के दौरान धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि शिकायत के बाद पुलिस ने पहले उस पर और उसके परिवार पर राजीनामा करने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि जब राजीनामा नहीं हुआ तो उसे कथित रूप से थाने से बाहर निकाल दिया गया हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शिकायतों की सुनवाई में सभी पक्षों को समान अवसर और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है या नहीं। महिला ने आरोप लगाया कि गरीब और मजदूर परिवार होने के कारण उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जबकि प्रभावशाली अथवा राजनीतिक लोगों के मामलों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर अलग-अलग सवाल उठते रहे हैं। पीड़िता ने थाना अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर क्या निष्कर्ष निकलता है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।