जेएनयू कॉलेज के बाहर से बाइक चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार,3 बाइक और 5 पानी की मोटरें बरामद
September 28th, 2026 | Post by :- | 19 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर शहर की खोह नागोरियान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में वाहन चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जेएनयू (JNU) कॉलेज के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर चोर आबिद उर्फ मोनू उर्फ कैम्पा (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कुल 3 मोटरसाइकिलें और 5 पानी की मोटरें बरामद की गई हैं।
​क्या था मामला?
​पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को परिवादी शंकर लाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि JNU कॉलेज के बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल (नंबर RJ14SG7342) को कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के तकनीकी बिंदुओं और सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की।
​जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा के निर्देशानुसार थानाधिकारी सुनील गोदारा की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आबिद (निवासी चोपड़ा की ढाणी, खोह नागोरियान) को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए राह चलते मौका पाकर चोरी करता था। चोरी के माल को औने-पौने दामों में बेचकर वह नशे के लिए रकम जुटाता था।
​पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आबिद एक शातिर एवं अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ खोह नागोरियान, सांगानेर,ट्रांसपोर्ट नगर, आदर्श नगर और नाहरगढ़ थानों में चोरी के आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत के आदेशानुसार जेल भेज दिया है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।