प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों, राष्ट्रीय उपलब्धियों और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर ‘मन की बात’ में किया संवाद: मदन राठौड़
September 28th, 2026 | Post by :- | 18 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात 138वीं कडी का श्रवण किया। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों, राष्ट्रीय उपलब्धियों और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों को आज के मन की बात कार्यक्रम में सबके सामने रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति और वीर जवानों के साहस को रेखांकित किया। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंहल की 100वीं जन्मजयंती के अवसर पर उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया। प्रधानमंत्री ने रामजन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंहल की भूमिका तथा सामाजिक भेदभाव और विषमता के खिलाफ उनके प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सोमनाथ और मोढेरा सूर्य मंदिर की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए भारत की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और उसे संरक्षित करने की आवश्यकता पर भी बात की। ‘मन की बात’ में स्वच्छता और जनभागीदारी को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रयासों का उल्लेख किया गया। नदी, बावड़ियों, कुओं और समुद्र तटों की सफाई सहित स्थानीय स्तर पर युवाओं और नागरिकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़े उदाहरण भी कार्यक्रम में साझा किए गए। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का भी प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा देने का विषय भी ‘मन की बात’ में सामने आया। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में आंवला आधारित प्रसंस्करण इकाइयों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के कार्यों का उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजारों तक पहुंचाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की बात कही। पोषण माह के संदर्भ में विभिन्न राज्यों में चल रहे प्रयासों की भी चर्चा हुई। स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों, पोषण वाटिकाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण संबंधी जागरूकता एवं सेवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख किया गया। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गणेश उत्सव और भगवान गणेश से जुड़ी भारत की सांस्कृतिक परंपराओं की वैश्विक पहुंच का भी उल्लेख किया। थाईलैंड में गणेश परंपरा से जुड़े प्रयास और चियांग माई स्थित गणेश हिमाल म्यूजियम का उदाहरण साझा किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, कार्यक्रम संयोजक मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक , सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मासहित प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।