गजसिंहपुर,(यश कुमार)। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, परमानंद डिग्री कॉलेज, गजसिंहपुर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ परिसर, हरित परिसर और स्वस्थ समाज’ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनिल प्रजापति ने बताया कि 24 सितंबर 1969 को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना की गई थी। एनएसएस का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को समाज से जोड़ना तथा उनमें समाजसेवा, राष्ट्रसेवा एवं देशप्रेम की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है। महाविद्यालय के एचओडी संदीप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एकजुटता, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एनएसएस जैसी गतिविधियां युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ गण उपस्थित रहे और एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। पूरे कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, समाजसेवा, एकजुटता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


