पुराने नोट-सिक्के बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,2 महिलाओं समेत 8 साइबर ठग गिरफ्तार दो बंधकों
September 24th, 2026 | Post by :- | 21 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर उत्तर पुलिस आयुक्त कार्यालय और जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 2 महिलाओं सहित कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है,जिनमें मेवात, तमिलनाडु और केरल के आरोपी शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ठगों के कब्जे से 2 बंधकों को मुक्त कराया, जिन्हें कमरे व गाड़ी में हाथ-पैर बांधकर प्रताड़ित किया जा रहा था और उनके परिजनों से लाखों रुपये की मांग की जा रही थी।
बरामदगी
* 14 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
* 1 स्कॉर्पियो कार
* 1 एयरटेल डोंगल
* हिसाब-किताब की डायरी
ठगी का तरीका (मोडस ऑपरेंडी):
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) श्री करण शर्मा ने बताया कि मुख्य सरगना मुबारिक ने 2 महिलाओं और तमिलनाडु के पुरुषों के साथ मिलकर ‘OLD COIN COMPANY’ बनाई थी।
*सोशल मीडिया पर रील और विज्ञापन: ठग फेसबुक पर पुराने भारतीय नोट व सिक्कों (1, 2, 5 रुपये के पुराने नोट) की फोटो व रील डालकर उसकी कीमत 2 लाख से 20 लाख रुपये तक बताते थे।
*रजिस्ट्रेशन और जीएसटी के नाम पर वसूली: नोट की फोटो मिलने पर ठग रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 1,500 रुपये ले लेते थे। इसके बाद रुपयों के बंडल का फर्जी वीडियो बनाकर भेजा जाता और 18% जीएसटी (GST) के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से लाखों रुपये ऐंठ लिए जाते थे।
*बंधक बनाकर वसूली: अधिक मात्रा में नोट होने का झांसा देकर ग्राहकों को राजस्थान बुलाया जाता था। रुपये देने से मना करने पर उन्हें बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जाता और परिजनों से पैसे मांगे जाते थे।
*स्थानीय भाषा का इस्तेमाल: पीड़ितों को झांसे में लेने के लिए गिरोह में तमिल भाषा बोलने वाले लड़के-लड़कियों को शामिल किया गया था, जो ग्राहकों की अपनी भाषा में बात करके विश्वास जीतते थे।
नाई की थड़ी क्षेत्र से हुई कार्रवाई:
पुलिस टीम ने डोर-टू-डोर सर्वे और मुखबिर की सूचना पर नाई की थड़ी क्षेत्र में महंगे किराए के मकान में रह रहे इन आरोपियों पर निगरानी रखी। गिरोह द्वारा स्कॉर्पियो गाड़ी में 2 लोगों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने देर रात छापा मारकर सभी को धर दबोचा।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।