(साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश) ‘म्यूल हंटर’ अभियान के तहत फर्जी बैंक खाते से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
September 23rd, 2026 | Post by :- | 13 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर उत्तर की माणकचौक थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी/संदिग्ध बैंक खातों (Mule Accounts) के माध्यम से देश भर में साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान महेश बबेरवाल (24) निवासी लवाण (दौसा),हाल निवासी कानोता (जयपुर) के रूप में हुई है।
​राजस्थान,बिहार और गुजरात तक फैले हैं तार
​पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) श्री करण शर्मा (IPS) ने बताया कि राज्य में साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ‘म्यूल हंटर’ अभियान के दौरान पीएनबी (PNB) बैंक की जौहरी बाजार शाखा के एक खाते (खाताधारक: महेश बबेरवाल) के लेनदेन का विश्लेषण किया गया। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (1930/14C) पर जांच करने पर पता चला कि इस अकेले खाते के खिलाफ राजस्थान, बिहार और गुजरात में साइबर ठगी की 4 शिकायतें पहले से दर्ज हैं। ठगी की रकम सीधे इसी खाते में जमा करवाई जाती थी, जिसे आरोपी तुरंत कैश में निकालकर या अन्य खातों में ट्रांसफर कर इस्तेमाल कर लेते थे।
​पकड़े जाने से बचने के लिए बदले सिम और ठिकाने
​अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर-प्रथम) श्री आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त (माणकचौक) श्री पीयूष कविया (RPS) के निर्देशन तथा थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
​आरोपी पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने मोबाइल नंबर, ठिकाने और सिम कार्ड बदल रहा था। पुलिस टीम ने बैंक केवाईसी और स्टेटमेंट के मिलान के बाद आरोपी के नए डिजिटल फुटप्रिंट्स, नेटवर्क गतिविधियों तथा टावर लोकेशन का सूक्ष्म विश्लेषण किया। लगातार 48 घंटे के कड़े तकनीकी सर्विलांस और पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।