​अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) प्रदीप मोहन शर्मा ने ली यातायात अधिकारियों की समीक्षा बैठक ​ (गोविंद देव जी,मोती डूंगरी सहित प्रमुख मंदिरों पर रहेगा विशेष रूट डायवर्जन प्लान ​नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट के आसपास निर्धारित स्थलों पर ही होगी वाहनों की पार्किंग)
August 30th, 2026 | Post by :- | 25 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी में आगामी प्रमुख त्योहारों (जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी) और आगामी चुनावों के मद्देनजर जयपुर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कमर कस ली है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) श्री प्रदीप मोहन शर्मा ने आज यातायात अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।
​प्रमुख मंदिरों के आसपास रूट डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था
​बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे- आराध्य देव श्री गोविंद देव जी मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, इस्कॉन मंदिर तथा अक्षरधाम मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इन क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन किए जाएंगे और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुगम अस्थायी पार्किंग जोन बनाए जाएंगे।
चुनावों की नामांकन प्रक्रिया के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि नामांकन के दौरान आने वाले सभी वाहन चालक अपने वाहनों को कलेक्ट्रेट के आसपास तय पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम न लगे और आमजन को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
​ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कदम उठाए गए हैं: शहर में कहीं भी जाम की सूचना मिलते ही क्रेन और अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य करेंगी।
​मुख्य आयोजन स्थलों के अलावा जयपुर शहर के व्यस्ततम बाजारों,मुख्य चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल (जाब्ता) तैनात रहेगा।
​श्री प्रदीप मोहन शर्मा ने सभी यातायात पुलिस अधिकारियों व जवानों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा आमजन व श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व विनम्र व्यवहार बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।