गजसिंहपुर के 20 वार्डों में कांटे का मुकाबला तय, भाजपा-कांग्रेस का गणित बिगाड़ सकते हैं युवा निर्दलीय प्रत्याशी
August 24th, 2026 | Post by :- | 145 Views
गजसिंहपुर के 20 वार्डों में कांटे का मुकाबला तय, भाजपा-कांग्रेस का गणित बिगाड़ सकते हैं युवा निर्दलीय प्रत्याशी

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगर निकाय चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, गजसिंहपुर की राजनीति में चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। नगर के 20 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के युवा एवं पुराने चेहरे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में युवा निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को रोचक और कांटे का बना दिया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां नगर पालिका में अपना बोर्ड बनाने का दावा कर रही हैं, लेकिन वर्तमान चुनावी समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी दोनों प्रमुख दलों का गणित बिगाड़ सकते हैं। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि यदि किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो बोर्ड गठन में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक हो सकती है। नगर के कई वार्डों में युवा चेहरे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इन प्रत्याशियों की स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ और व्यक्तिगत जनसंपर्क को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों के सामने चुनौती बढ़ गई है। कुछ वार्डों में त्रिकोणीय तो कुछ में बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बनने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार चुनाव में केवल पार्टी का नाम ही नहीं, बल्कि प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि, स्थानीय पहचान और जनता के बीच सक्रियता भी जीत-हार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के लिए निर्दलीय प्रत्याशियों को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों को लेकर मंथन कर रही हैं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार भी धीरे-धीरे चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। आने वाले दिनों में नामांकन और प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही गजसिंहपुर के 20 वार्डों का चुनावी घमासान और तेज होने की उम्मीद है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि नगर पालिका में बोर्ड किसका बनेगा और निर्दलीय कितने निर्णायक साबित होंगे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।