गजसिंहपुर,(यश कुमार)। राजस्थान में नगर निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में चुनावी चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच बाबा रामदेव जी की पदयात्रा और नगर निकाय चुनाव की मतदान तिथियां लगभग एक ही समय पर आने से श्रद्धालुओं के सामने अपने मताधिकार को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय चुनाव के लिए प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर को प्रस्तावित है, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दल और संभावित प्रत्याशी भी सक्रिय हो गए हैं। गजसिंहपुर सहित श्रीगंगानगर जिले से प्रतिवर्ष भादो माह में हजारों श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए जैसलमेर स्थित रामदेवरा धाम की पैदल यात्रा पर रवाना होते हैं। यह यात्रा 10 से 15 दिनों तक चलती है। यात्रा के दौरान कई श्रद्धालु अपने घरों से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहते हैं। ऐसे में मतदान दिवस के आसपास यात्रा में शामिल रहने वाले मतदाताओं के सामने अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आस्था और लोकतंत्र दोनों ही उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। एक ओर श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के प्रति अपनी आस्था निभाने के लिए कठिन पदयात्रा करते हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निकाय चुनाव में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करना भी प्रत्येक मतदाता का दायित्व है। अब बड़ा सवाल यह है कि बाबा रामदेव पैदल यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु समय पर लौटकर मतदान कर पाएंगे या यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करेंगे। चुनावी तारीखों और पदयात्रा के एक ही समय पर आने से इस बार श्रद्धालुओं के बीच यह चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है कि आस्था भी निभे और लोकतंत्र का पर्व भी न छूटे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


