गजसिंहपुर में नगर निकाय चुनावों को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, नए और युवा चेहरों ने शुरू किया जनसंपर्क
August 20th, 2026 | Post by :- | 47 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगर निकाय चुनावों की आचार संहिता लागू होते ही गजसिंहपुर कस्बे में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी माहौल बनने के साथ ही वार्डों में संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क शुरू कर दिया है। इस बार चुनाव में कई नए और युवा चेहरे भी अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं विभिन्न वार्डों में युवा प्रत्याशी मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपनी पहचान बनाने और समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और अपने विजन के बारे में बता रहे हैं। वहीं अनुभवी एवं पुराने नेता भी चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रमुख राजनीतिक दलों में भी बैठकों और विचार-विमर्श का दौर जारी है। दावेदार टिकट के लिए अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी वार्डों में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं इस बार कई वार्डों में नए चेहरों के सामने आने से चुनावी मुकाबला रोचक और त्रिकोणीय होने की संभावना जताई जा रही है। कस्बे की गलियों, बाजारों और चौक-चौराहों पर इन दिनों चुनावी चर्चाएं तेज हैं। चाय की थड़ियों पर भी चुनाव ही मुख्य विषय बना हुआ है। मतदाता भी संभावित प्रत्याशियों के बारे में चर्चा कर रहे हैं कि इस बार किसे मौका दिया जाए। जैसे-जैसे चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।