हर घर तिरंगा अभियान के तहत परमानंद डिग्री कॉलेज में भव्य तिरंगा रैली, 37 बीबी में घर-घर पहुंचा राष्ट्रीय ध्वज
August 14th, 2026 | Post by :- | 10 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को परमानंद डिग्री कॉलेज, गजसिंहपुर में देशभक्ति के रंग में सराबोर भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व कॉलेज के NSS स्वयंसेवकों ने प्राचार्य एवं समस्त अध्यापकगण के साथ मिलकर किया। तिरंगा रैली कॉलेज परिसर से प्रारम्भ होकर गजसिंहपुर के मुख्य मार्गों से होती हुई ग्राम 37 बीबी पहुंची और वहां से वापस कॉलेज में संपन्न हुई। रैली के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाए। राहगीरों को तिरंगा वितरित कर देशभक्ति का संदेश भी दिया गया। ग्राम 37 बीबी पहुंचकर NSS स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर नागरिकों को तिरंगे भेंट किए। स्वयंसेवकों ने लोगों को 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। गांववासियों ने भी तिरंगे को सम्मान के साथ स्वीकार कर अभियान में उत्साह दिखाया। कार्यक्रम प्रभारी अनिल प्रजापति ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देशभक्ति की भावना जगाना और तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना है। कॉलेज प्राचार्य डॉ.एम.सी. भारद्वाज ने NSS स्वयंसेवकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवा ही देश की असली ताकत हैं। ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बल मिलता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।