जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । शिप्रापथ थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने वाली गैंग का महज 6 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवक और उसके दो दोस्तों के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी छीन ली थी। इसके बाद एक युवक को अपने कब्जे में रखकर उसे छोड़ने के बदले परिजनों से करीब 1.54 लाख रुपये की फिरौती वसूली गई।
पुलिस के मुताबिक 8 अगस्त की रात सफाकत खान अपने दोस्तों फिरोज और अजीज के साथ जयपुर चौपाटी, शिप्रापथ पहुंचा था। उसे नन्दकिशोर उर्फ नन्दू ने चाय पीने के बहाने बुलाया था। वहां पहले से मौजूद 10-15 लोगों ने तीनों के साथ मारपीट की और उन्हें गाड़ियों में बैठाकर ले गए। बाद में फिरोज और अजीज को मुहाना साइड के जंगल में छोड़ दिया गया, जबकि सफाकत को अपने साथ रखा गया। आरोपियों ने सफाकत से मारपीट करने के साथ उसके दोस्तों से नकदी और मोबाइल फोन छीने। इसके बाद सफाकत के भाई से फोन पर बात करवाकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाने को कहा गया। पुलिस के अनुसार पीड़ित के भाई ने कुल 1.54 लाख रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर किए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने दबिश देकर नन्दकिशोर, अभिषेक, राहुल और लोकेश उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


