गजसिंहपुर,(यश कुमार)। सावन माह की पावन शिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को गजसिंहपुर में भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। बारात में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शिव भक्त शामिल हुए। पूरे शहर का माहौल “हर-हर महादेव” और “भोलेनाथ की जय” के जयकारों से गूंज उठा। शिव बारात का शुभारंभ सत्यनारायण मंदिर से किया गया। डीजे की भक्तिमय धुनों और शिव भजनों के साथ बारात शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई प्राचीन शिव मंदिर, नहर के पास पहुंची। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने बारात का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बारात में भगवान शिव के गणों की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शिव गणों ने आकर्षक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं डीजे पर बज रहे शिव भजनों की धुन पर महिला-पुरुष श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। आयोजन समिति के सदस्य हनी मक्कड ने बताया कि बारात के स्वागत के लिए मार्ग में कई स्थानों पर शीतल जल, प्रसाद और पुष्प वर्षा की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं में शिवरात्रि को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस पावन आयोजन में श्रीराम, सुभाष गुप्ता, दिनेश गुप्ता, पवन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त एवं आयोजनकर्ता मौजूद रहे। पूरे दिन गजसिंहपुर नगरी भक्तिमय माहौल में रंगी नजर आई।


कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


