श्रावणी उपाकर्म, वेद प्रचार एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन 13 से 16 अगस्त तक
August 6th, 2026 | Post by :- | 20 Views



– *आर्य समाज सेक्टर-7बी में चार दिवसीय वैदिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला*


मनोज शर्मा,चंडीगढ़,
6 अगस्त। आर्य समाज, सेक्टर-7बी, चंडीगढ़ द्वारा 13 अगस्त से 16 अगस्त, 2026 तक श्रावणी उपाकर्म, वेद प्रचार समारोह एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम में वैदिक यज्ञ, आध्यात्मिक एवं वैदिक प्रवचन, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन होंगे।
आर्य समाज, सेक्टर-7बी के प्रधान रविंद्र तलवाड़ ने बताया कि इस समारोह में आर्य जगत के प्रख्यात वैदिक विद्वान आचार्य अंकित प्रभाकर (अजमेर) मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिदिन वैदिक प्रवचन देंगे। यज्ञ कार्यक्रम में आचार्य अभिनेश कुमार सह-यज्ञयोगी के रूप में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य वैदिक संस्कृति, भारतीय जीवन मूल्यों तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा समाज में आध्यात्मिक एवं नैतिक चेतना को सुदृढ़ करना है।

मंत्री प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन प्रातःकाल यज्ञ एवं वैदिक प्रवचन आयोजित होंगे, जबकि 13 से 15 अगस्त तक सायंकाल भजन एवं वैदिक व्याख्यान होंगे। भजनों की प्रस्तुति डी.ए.वी. विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा दी जाएगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें ध्वजारोहण, देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक एवं नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इसके पश्चात मुख्य अतिथि का संबोधन, प्रसाद वितरण एवं अल्पाहार का आयोजन होगा।
प्रचार मंत्री डॉ विनोद शर्मा ने बताया कि 16 अगस्त को समापन समारोह में यज्ञ, भजन एवं आचार्य अंकित प्रभाकर का विशेष वैदिक प्रवचन आयोजित होगा। शांतिपाठ के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी रहेगी। पदाधिकारियों ने समस्त धर्मप्रेमी आर्यजनों, सामाजिक संगठनों तथा नगरवासियों से परिवार सहित इस वैदिक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजन में सहभागिता करने का आग्रह किया, ताकि वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व भी गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जा सके।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।