*गुरु पूर्णिमा पर श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर से तीन बसों में श्रद्धालु मेहंदीपुर बालाजी, सालासर बालाजी व खाटू श्याम धाम के लिए रवाना*
July 28th, 2026 | Post by :- | 13 Views

 चंडीगढ़, 28 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर, सुभाष नगर, मनीमाजरा से भक्त डीसी की अध्यक्षता में तीन बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं का विशाल धार्मिक जत्था मेहंदीपुर बालाजी, सालासर बालाजी तथा खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए श्रद्धाभाव के साथ रवाना हुआ।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए भक्त वीरे ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा 28 जुलाई 2026 को श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर, सुभाष नगर, मनीमाजरा से प्रारंभ हुई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों मेहंदीपुर बालाजी, सालासर बालाजी एवं खाटू श्याम जी के दर्शन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा 31 जुलाई 2026 को पूर्ण होने के पश्चात सभी श्रद्धालु सकुशल वापस श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर, सुभाष नगर, मनीमाजरा पहुंचेंगे, जहां धार्मिक कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण के साथ यात्रा का समापन किया जाएगा।
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हनुमान जी एवं श्री श्याम प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त कर मंगलमय यात्रा की कामना की। पूरे वातावरण में “जय श्री बालाजी”, “जय श्री श्याम” और भक्ति भजनों की गूंज से धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। मंदिर प्रबंधन ने सभी यात्रियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।