(15 अगस्त तक लगभग 2,500 गांवों में चरणबद्ध ‘जल अर्पण’ जल जीवन मिशन पुनः रफ्तार पर:- मुख्य सचिव) मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों एवं जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
July 18th, 2026 | Post by :- | 12 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को जिला कलेक्टरों एवं जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन की प्रगति तथा आगामी ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन पुनः रफ्तार पर है तथा अब मिशन का मुख्य उद्देश्य पूर्ण हो चुकी जलापूर्ति योजनाओं को शीघ्र जनसेवा से जोड़ते हुए उनके प्रभावी संचालन एवं सामुदायिक स्वामित्व को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 15 अगस्त तक लगभग 2,500 गांवों में चरणबद्ध रूप से ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत पात्र योजनाओं का ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय समुदायों को विधिवत हस्तांतरण कर उनके संचालन, रखरखाव एवं जनभागीदारी को और सुदृढ़ किया जाएगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 2,583 गांवों में 1,212 योजनाओं का वित्तीय समापन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना में कम से कम 15 दिन का सफल ट्रायल रन, जल गुणवत्ता परीक्षण, तकनीकी परीक्षण तथा अन्य सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद ही उनका हस्तांतरण किया जाए। उन्होंने हर घर जल रिपोर्टिंग एवं प्रमाणन में तेजी लाने, सुजलम भारत आईडी का शत-प्रतिशत सृजन, जिला सुधार योजना (DIP) तैयार कर समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड करने, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा तृतीय पक्ष गुणवत्ता निरीक्षण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल जलापूर्ति अवसंरचना का निर्माण नहीं, बल्कि उसकी दीर्घकालिक कार्यशीलता, गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति एवं सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने ग्राम पंचायतों के माध्यम से नल जल मित्रों के नामांकन, फील्ड टेस्ट किट के जरिए नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण, व्यापक सुधार एवं क्रियान्वयन योजना (CIRP) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिला स्तर पर मिशन की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त किए जा सकें।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, मिशन निदेशक, जल जीवन मिशन तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। जिला कलेक्टर, जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।