जयपुर पुलिस आयुक्त ने चित्रकूट थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों को दी राहत
May 31st, 2026 | Post by :- | 6 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने शनिवार को चित्रकूट थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश भी दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) श्री अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री प्रशांत किरन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त वैशालीनगर श्री अनिल कुमार शर्मा व संबंधित एसएचओ और थाने के अधिकारीगण उपस्थित रहे। श्री सचिन मित्तल ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देने के लिए थाना स्तर में प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में आपसी मुकदमें, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने सभी शिकायतों की जांच कर कम से कम समय में निश्चित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबधित अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का तुरंत रिस्पॉन्स देने और निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान वैशालीनगर सर्किल के वैशालीनगर, करणीविहार एवं चित्रकूट पुलिस थाना क्षेत्र के परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त को बताकर समाधान पाया। जनसुनवाई की खास बात यह रही कि परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाता है। समय लगने वाली अन्य समस्याओं के जल्द समाधान के लिए भी निर्देश दिया जाता है। गौरतलब है कि इससे पूर्व पुलिस आयुक्त द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधरनगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमू, आमेर एवं रामगंज में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा चुका है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।