(जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कार्रवाई) ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ में 48 साइबर अपराधी गिरफ्तार,430 मोबाइल बरामद
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अप्रैल माह में कुल 48 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जयपुर दक्षिण जिले में 15 प्रकरण दर्ज कर 17 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 31 संदिग्धों को 170 बीएनएसएस के तहत निरुद्ध किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किराये पर बैंक खाते लेकर करीब 2 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि ट्रांसफर करवा रहे थे। पुलिस थाना श्यामनगर में दर्ज प्रकरण संख्या 174/26 में NCRP पोर्टल पर 53 शिकायतें तथा थाना सोडाला के प्रकरण संख्या 180/26 में 41 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस ने इस मामले में अजय कुमार विजय और ललित कुमार सैनी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि साइबर अपराध की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के सुपरविजन में विभिन्न एसीपी और थाना अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में साइबर सेल और विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। इसी के साथ जयपुर दक्षिण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “आपका मोबाइल फिर से आपका” के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। CEIR पोर्टल और मोबाइल सेवा प्रदाताओं की तकनीकी सहायता से राजस्थान के विभिन्न जिलों से 430 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अभियान के दौरान थाना महेश नगर पुलिस ने सब्जी मंडी क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर 7 मोबाइल बरामद किए। वहीं थाना ज्योति नगर पुलिस ने आईपीएल मैच के दौरान मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर 5 मोबाइल बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी दिलवर कुमार मंडल निवासी साहिबगंज, झारखंड हाल निवासी मालवीय नगर जयपुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों में कम उम्र के बच्चों से मोबाइल चोरी करवाता था। आरोपी बच्चों को खाली थैला देकर बाजारों और भीड़ वाले स्थानों में लोगों की जेब से मोबाइल निकलवाते थे।
इसके अलावा आईपीएल मैचों की भीड़ में मौका पाकर मोबाइल चोरी करने वाली गैंग का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जयपुर दक्षिण साइबर सेल ने वर्ष 2026 में अप्रैल माह तक साइबर ठगी से संबंधित मामलों में 2 करोड़ 73 लाख 30 हजार 340 रुपये की राशि होल्ड करवाकर 20 लाख 8 हजार 742 रुपये पीड़ितों के खातों में रिफंड भी करवाए हैं।
साथ ही साइबर जनजागरूकता अभियान के तहत साइबर सेल जयपुर दक्षिण द्वारा 10 स्कूल-कॉलेजों और आमजन सहित 3000 से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।





