राजस्थान

प्रदेशभर में 5 से 12 अप्रैल तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा भाजपा का 47वां स्थापना दिवस:- श्रवण सिंह बगड़ी

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को प्रदेश भर में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार 5 से 12 अप्रैल तक प्रदेश के जिला, मंडल एवं बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 5 से 7 अप्रैल तक जिला स्तर पर सभी भाजपा कार्यालयों को फूलों एवं रंगोली से सजाया जाएगा तथा कार्यालयों पर आकर्षक रोशनी की जाएगी। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। 6 अप्रैल को स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कार्यालयों पर पार्टी ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यकर्ता ध्वज के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इस दिन विकास यात्रा निकाली जाएगी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि 7 अप्रैल को जिला, मंडल एवं बूथ स्तर पर अस्पताल परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही 10 से 12 अप्रैल तक ‘ग्राम एवं बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी तथा लाभार्थियों से जनसंपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिराव फूले की जयंती के अवसर पर जिला कार्यालयों में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *