गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगरपालिका चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, कस्बे में चुनावी सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। संभावित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया से लेकर चाय की थड़ियों, आम बैठकों और जनसंपर्क तक चुनावी चर्चा तेज हो गई है। नगरपालिका चुनाव के लिए गुरुवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासन द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र नगरपालिका कार्यालय / रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में निर्धारित समय पर जमा कराए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 4 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। नाम वापसी के बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी और पता चलेगा कि किस वार्ड में कितने प्रत्याशी आमने-सामने हैं। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी दिन सभी प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा और नगरपालिका बोर्ड की तस्वीर साफ होगी। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही गजसिंहपुर के 20 वार्डों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किस वार्ड से कितने प्रत्याशी मैदान में उतरते हैं और किस वार्ड में चुनावी मुकाबला सबसे ज्यादा रोचक बनता है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


