बहादुरगढ़ बार के एडवोकेट विक्रम सिंह छिल्लर बने एडवोकेट वेलफेयर ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वकीलों में हर्ष
बहादुरगढ़ लोकहित एक्सप्रेस ब्यूरो
बहादुरगढ़ बार एसोसिएशन के बेटे-भाई एवं युवा अधिवक्ता एडवोकेट विक्रम सिंह छिल्लर जैलदार को सर्वसम्मति से एडवोकेट वेलफेयर ट्रस्ट का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से न केवल बहादुरगढ़, बल्कि पूरे हरियाणा और देशभर के अधिवक्ताओं में उत्साह और खुशी की लहर है। वकील समाज ने इसे अधिवक्ताओं के हित में एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया है। एडवोकेट वेलफेयर ट्रस्ट की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन भी इसी अवसर पर किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष के पद पर अशोक अहलावत, सचिव के रूप में अजय कुमार तथा कोषाध्यक्ष के रूप में प्रियंका को नियुक्त किया गया है। नवगठित कार्यकारिणी में सभी पदाधिकारियों को सर्वसम्मति से चुना गया, जो संगठन में एकजुटता और विश्वास को दर्शाता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद एडवोकेट विक्रम सिंह छिल्लर जैलदार ने कहा कि एडवोकेट वेलफेयर ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य भारत देश एवं विशेष रूप से हरियाणा के अधिवक्ताओं की निस्वार्थ सेवा करना है। उन्होंने कहा कि वकील समाज न्याय व्यवस्था की रीढ़ है और उनके अधिकारों, सम्मान व सुरक्षा की रक्षा करना ट्रस्ट की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन अधिवक्ताओं की समस्याओं को सरकार और संबंधित संस्थाओं के समक्ष मजबूती से उठाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह छिल्लर ने आगे कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से अधिवक्ताओं के लिए सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, आपातकालीन सहायता, बीमा योजनाएं, युवा वकीलों के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ-साथ महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रोत्साहन के लिए भी विशेष योजनाएं बनाई जाएंगी। उनका मानना है कि संगठित प्रयासों से ही वकीलों के हितों की प्रभावी रक्षा संभव है। नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक अहलावत ने कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। सचिव अजय कुमार ने संगठन की आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ट्रस्ट जल्द ही अधिवक्ताओं के लिए जागरूकता अभियान और सहायता कार्यक्रम शुरू करेगा। वहीं कोषाध्यक्ष प्रियंका ने पारदर्शी और सुदृढ़ वित्तीय व्यवस्था के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया। बहादुरगढ़ बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और सदस्यों ने एडवोकेट विक्रम सिंह छिल्लर को इस उपलब्धि पर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में एडवोकेट वेलफेयर ट्रस्ट अधिवक्ताओं की आवाज बनकर उभरेगा। वकील समाज का कहना है कि यह नियुक्ति न केवल बहादुरगढ़ के लिए गर्व की बात है, बल्कि देशभर के अधिवक्ताओं के लिए भी एक नई उम्मीद लेकर आई है।





