राजस्थान

जयपुर में पर्यटन स्थलों की बदहाली पर NSUI पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी का बयान

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन शहर में आज पर्यटक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश की भाजपा सरकार और उसका समर्थित छात्र संगठन ABVP पर है,जिन्होंने अपने कार्यक्रमों के लिए ऐतिहासिक धरोहरों तक को नहीं बख्शा। NSUI के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने कहा कि तीन दिन पहले ABVP द्वारा अल्बर्ट हॉल संग्रहालय और रामनिवास बाग जैसे ऐतिहासिक स्थलों के आसपास लगाए गए बैनर और झंडे आज भी सड़कों और तारों पर लटक रहे हैं। तेज हवा में ये बैनर गिरकर किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं,लेकिन नगर निगम और जिला प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नियम-कानून सिर्फ आम जनता के लिए ही हैं? क्या भाजपा और उसके संगठनों को कानून से ऊपर रखा गया है? जब रोज़ाना हजारों देश-विदेश के पर्यटक इन मार्गों से गुजरते हैं,तब इस तरह की लापरवाही बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। अभिषेक चौधरी ने राज्य सरकार और जयपुर जिला प्रशासन से मांग की कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया जाए और सड़कों व तारों पर लटक रहे सभी झंडे-बैनर तत्काल प्रभाव से हटवाए जाएं, ताकि नववर्ष के अवसर पर जयपुर आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *