Bahadurgarh Lokhit Express Bureau Chief (Gaurav Sharma)
— विधायक पुत्र सचिन जून जाखोदा गौ उपचार केंद्र के 12वें वार्षिक उत्सव में शामिल हुए
— सचिन जून ने विधायक निधि से गौ सेवा हेतु एक लाख देने की घोषणा
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में व्यस्त होने के कारण विधायक राजेश जून के पुत्र सचिन जून ने गौधन सेवा समिति द्वारा संचालित गौ एवं वन्य जीव उपचार केंद्र, जाखोदा में आयोजित 12वें वार्षिक उत्सव में शिरकत की। वार्षिक उत्सव में पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सचिन जून का फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सचिन जून ने गौ माता की सेवा के लिए विधायक निधि से 1 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित गो-भक्तों ने तालियों के साथ स्वागत किया। उत्सव में मौजूद गौभक्तों को संबोधित करते हुए सचिन जून ने कहा कि गौ माता की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने समाज के सभी सक्षम लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी नेक कमाई का कुछ हिस्सा गौ सेवा के लिए अवश्य समर्पित करें। सचिन जून ने कहा कि गौ संरक्षण और उपचार जैसे कार्य समाज की नैतिक जिम्मेदारी हैं और ऐसे प्रयासों को निरंतर सहयोग मिलना चाहिए।




