✍️ लोकहित एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद छत्तीसगढ़
गरियाबंद _ छत्तीसगढ़ पेंशनर समाज, तहसील शाखा गरियाबंद के तत्वावधान में नव-निर्मित पेंशनर्स भवन में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गरियाबंद जिले के गौरव, राष्ट्रपति व राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधान पाठक, नवाचारी शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. मुन्नालाल देवदास ने ‘वतन में दीपावली उत्सव’ विषय पर सारगर्भित उद्बोधन दिया।
डॉ. देवदास ने ‘वतन’, ‘दीया’ और ‘उत्सव’ शब्दों की दार्शनिक व्याख्या करते हुए कहा, “वतन में ‘तन’ शब्द जुड़ा है। वतन अपने कर्मचारियों का तन पालने के लिए वेतन और सेवानिवृत्ति के बाद टेंशन-मुक्त जीवन के लिए पेंशन देता है। इसलिए प्रत्येक पेंशनधारी को वतन के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए।”
मिट्टी का दीया जिसके प्रकाश में दीपावली मनाते हैं उस दीया के मर्म को समझाते हुए कहा, दीया ने जलने वाले बाती और जलाने वाले तेल, दोनों को अपने दिल में पनाह दिया, इसलिए उसका नाम दीया रख दिया ” वहीं ‘उत्सव’ की व्याख्या में उन्होंने प्रेरित किया कि “जिंदगी को हर पल उत्सव की तरह जीना चाहिए, क्योंकि उत्सव के अंत में ‘शव’ का संकेत है। शरीर के शव बनने से पहले जीवन को उत्सव बना लो, बाद में तो दुनिया मरणोत्सव ही मनाएगी। यही वतन में दीपावली उत्सव का दार्शनिक संदेश है।”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लिखीराम यादव ने पेंशनर समाज को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिला अध्यक्ष नंदकुमार वर्मा ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कवि भुवनलाल श्रीवास ने दीप के महत्व पर काव्य पाठ किया। तहसील अध्यक्ष केशर कुमार निर्मलकर ने पेंशनर समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती तथा वरिष्ठजनों के सम्मान व अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
समारोह में नवंबर माह में जन्मदिन वाले सदस्यों एवं नए सदस्यों को श्रीफल और अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। उपस्थितजनों ने भाईचारा व सामाजिक समरसता के साथ प्रकाश पर्व मनाते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से तिलकराम सिन्हा छुरा, दयाराम सिन्हा देवभोग, चिंताराम सिन्हा छुरा, महेश्वर प्रसाद दुबे, सत्य प्रकाश मानिकपुरी, आर.आर.आर. सिंह, केशव राम साहू, प्यारेलाल साहू, गोकुल साहू, बंसी साहू, सीताराम ठाकुर, शिव प्रसाद वर्मा एवं जी.आर. लोधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शंकर लाल पाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. बोधन राम काशी ने किया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

