दीपावली के त्योहार पर अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं और बर्न यूनिट रहेंगी अलर्ट मोड पर
November 9th, 2026 | Post by :- | 18 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं और बर्न यूनिट को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से जुड़े चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में सभी अस्पतालों में आपातकालीन उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बर्न यूनिट में आवश्यक संसाधन, दवाइयां और उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सा कर्मी ड्यूटी पर उपलब्ध रहें। अस्पतालों में आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।