नौकरी लगते ही 3 दिन में घर साफ) चांदी के बर्तन चुराकर बिहार भागने की फिराक में था नौकर
October 29th, 2026 | Post by :- | 30 Views

​जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी के श्याम नगर थाना पुलिस ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर घरेलू नौकर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी नौकर घर से कीमती चांदी के बर्तन समेटकर अपने गृह राज्य बिहार फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की तत्परता से वह पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के सभी बर्तन बरामद कर लिए हैं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार, परिवादी बृजमोहन मोदी (निवासी ए-5, विश्वामित्र मार्ग, श्याम नगर) ने 24 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने 21 अक्टूबर को विष्णु कुमार नाम के युवक को अपने घर में घरेलू काम के लिए नौकर रखा था। नौकरी पर लगने के महज तीन दिन बाद, 24 अक्टूबर को ही विष्णु घर में रखे चांदी के दो जग, दो गिलास, एक प्लेट और दो ढक्कन चोरी कर फरार हो गया। परिवादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) जेठूसिंह के सुपरविजन में श्याम नगर थानाधिकारी हरी सिंह दूधवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल जयराम, कांस्टेबल नवीन सिंह और मुखराम को शामिल किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय विष्णु कुमार पुत्र उपेन्द्र साह (निवासी गांव अमझर लेटवा, थाना फुल्लीडुमर, जिला बांका, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है कि वह पूर्व में भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।