जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर कमिश्नरेट की जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5,000 रुपये के इनामी मुख्य शातिर ठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी विदेशी नंबरों से कॉल कर खुद को लंदन की नामी फार्मा कंपनी का प्रतिनिधि बताकर सुगंधित तेल के ऊंचे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश के धार जिले से एक सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करते हुए दबोचा है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि परिवादी त्रिलोक चन्द गुढ़वाल ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात आरोपी ने विदेशी व्हाट्सएप नंबर से ‘मेलिस्सा स्कॉट’ बनकर संपर्क किया और खुद को लंदन की ‘ए जेड फार्मा कंपनी’ का प्रतिनिधि बताया। आरोपी ने भारत में सुगंधित तेल की भारी मांग बताई और स्थानीय सप्लायर ‘कृष्णा एंटरप्राइजेज’ से संपर्क कर माल खरीदने को कहा। परिवादी को भारी मुनाफे का लालच देकर 50 लीटर तेल के ऑर्डर और सैंपल के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में कुल 32,28,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। रकम मिलते ही आरोपियों ने अपने सभी नंबर बंद कर लिए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन व एसीपी शिवदयाल के सुपरविजन में थानाधिकारी महेश चन्द्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान में सामने आया कि ठगी की रकम ‘कृष्णा एंटरप्राइजेज’ और ‘चुण्डावत एंटरप्राइजेज’ के बैंक खातों में गई थी। जांच में इन फर्मों का संचालन करने वाले मुख्य आरोपी युवराज सिंह चुण्डावत (39) पुत्र पदम सिंह, निवासी नगरी (बस्सी, चित्तौड़गढ़) की संलिप्तता पुख्ता हुई।
डीएसटी चित्तौड़गढ़ की सूचना और तकनीकी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के धार जिले में दबिश दी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए वहां एक सीमेंट फैक्ट्री में आम मजदूर की तरह काम कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की राशि खर्च होना बताया है, जिसकी रिकवरी और गिरोह के अन्य नेटवर्क को लेकर गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवराज सिंह चुण्डावत शातिर प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पूर्व में नागौर के चितावा थाना, महिला थाना चित्तौड़गढ़ और बस्सी थाने में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी सूरज कुमार और तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल संजय राहड़ की विशेष भूमिका रही।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


